झाबुआ से श्याम त्रिवेदी की रिपोर्ट
भाजपा सरकार के मंत्री के विवादित बयान पर कांग्रेस की नाराजगी।
सडक से सदन तक कांग्रेस करेगी आंदोलन।
झाबुआ। सत्ता के अहंकार में मोटे हो रहे भाजपाईयों को जनता अब भिखारी लगने लगी है। जनता को भिखारी बताने वाले सत्ता में बैठे मंत्री अपने पद से इस्तीफा दे। भाजपा जनता से सार्वजनिक माफी मांगे। भाजपा की सरकार के खिलाफ सडक से सदन तक कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश राका ने यह बात आज पत्रकार वार्ता के दौरान कही। भाजपा सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा दिए गए विवादित बयान में जनता को भिखारी कहे जाने पर कांग्रेस द्वारा विरोध किया जा रहा है। श्री राका ने कहा की मंत्री श्री पटेल द्वारा जनता को भिखारी बताये जाने की ओछी मानसिकता ओर भाजपा सरकार की महिला, किसान, युवा और जनविरोधी नीतियों के विरोध में जनता की आवाज बुलंद करने का निर्णय कांग्रेस पार्टी द्वारा लिया गया है।
पुतला दहन, इस्तीफे की मांग।
श्री राका ने कहा की जनता के हक और अधिकारों के लिए कांग्रेस निर्णायक लडाई लडेगी। कांग्रेस द्वारा 6 मार्च को ब्लाक स्तर पर मंत्री पहलाद पटेल का पुतला दहन किया जाएगा। मंत्री श्री पटेल के इस्तीफे की मांग को लेकर 8 मार्च को कांग्रेस द्वारा जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन व ज्ञापन दिया जाएगा। मप्र किसान कांग्रेस द्वारा 10 मार्च को भोपाल में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं 11 से 15 मार्च तक कांग्रेस द्वारा शासन के विभागीय मंत्रियों से विभाग संबंधी मांगो को लेकर ज्ञापन दिया जाएगा।
श्री राका ने कहा की प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के खिलाफ जंगी प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के इस्तीफे की मांग करेगी। कांग्रेस की मांग है कि मुख्यमंत्री व मंत्री प्रहलाद पटेल प्रदेश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगे।
पत्रकार वार्ता में शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौड, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कानाजी गुंडिया, पूर्व विधायक वाल सिंह मेडा, यूथ कांग्रेस विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हेमेंद्र बबलू कटारा, साबिर फिटवेल मौजूद थे।
व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़े
Join Now