झाबुआ से श्याम त्रिवेदी की खास रिपोर्ट
पुलिस की गाडीयों के फोडे कांच, एडीशनल एसपी सहित कई पुलिसकर्मी घायल।
झाबुआ। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर डीजे संचालकों ने आज जमकर हंगामा किया। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम कर यातायात रोक दिया। इसी दौरान भीड ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस वाहनों को नुकासन पहुंचाया। घटना में कई पुलिस कर्मियों को चोंटे आई। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए आंसु गैस के गोले छोडे।
जिला मुख्यालय से 5 किमी दूर ग्राम करडावद के पास नेशनल हाईवे पर बडी संख्या में डीजे संचालकों ने डीजे वाहनों को सडक के बीच खडे कर चक्काजाम कर दिया। जाम के कारण वाहनों का आना जाना रूक गया। डीजे संचालकों की मांग थी कि डीजे बजाने का समय बढाने की अनुमति प्रशासन द्वारा दी जाए और पुलिस द्वारा की जाने वाली अवैध चालानी कार्रवाही उन पर नहीं कि जाए।
चक्काजाम की जानकारी मिलते ही एसडीओपी प्रेमलाल कुर्वे, एसडीएम व एसडीओपी रूपरेखा यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और डीजे संचालकों से चर्चा कर सडक पर खडे वाहनों को हटवाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान भीड में से किसी ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस को भी हल्का बल प्रयोग करना पडा।
लगातार हो रहे पथराव के कारण भीड को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसु गैस के गोले छोडने पडे। आक्रोशित भीड ने पथराव करते हुए पुलिस को एक किलोमीटर तक दोडाया। वाहनों के सायरन बजाते हुए पुलिस को पीछे हटना पडा। पथराव में एडीशनल एसपी, सहित टीआई, एएसआई को हाथ-पेरों में चोंटे आई। पथराव में एसडीओपी और कोतवाली सहित पुलिस के तीन वाहनो के कांच फोड दिए गए।
प्रदर्शन कर रहे डीजे संचालक रवि डामोर ने बताया कि अन्य जिलों में डीजे बजाये जा रहे है। उन पर समय की कोई पाबंदी नहीं है। लेकिन हमें नियमों का हवाला देते हुए डीजे नहीं बजाने दिया जा रहा। इससे हमारा आर्थिक नुकसान हो रहा है। पुलिस भी चालानी कार्रवाही के नाम से अवैध वसुली करती है। हमारी मांग है कि प्रशासन डीजे बजाने का समय बढाने की हमें अनुमति दे। और पुलिस हम पर अवैध चालानी कार्रवाही न करे।
घटना के जानकारी देते हुए ADM जितेन्द्र सिंह चौहान ने बताया की डीजे संचालकों से बात करने के दौरान पथराव की घटना हुई थी। भीड को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसु गैस के गोले छोडे थे। डीजे संचालकों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के लिए प्रशासन से समय मांगा है। कल का समय हमनें दिया है। डीजे संचालकों ने हाईवे से अपने वाहन हटा लिए है। यातायात शुरू हो गया है।